संत कृपाल सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ, बाँदा के लीगल ऐड प्रकोष्ठ द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बाँदा के सहयोग से नवंबर माह के दौरान विधिक जागरूकता अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के अंतर्गत बाँदा जनपद के 10 से अधिक विद्यालयों में अध्ययनरत स्कूली छात्रों को कानून संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की गईं तथा कानूनी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं (लीगल क्विज़) का आयोजन किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षकों में भी विधिक साक्षरता का विकास करना एवं उन्हें उनके कानूनी अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाना रहा।
विधिक जागरूकता अभियान के अंतर्गत बाँदा स्थित सेंट मैरी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, भागवत प्रसाद मेमोरियल अकैडमी, विद्यावती इंटर कॉलेज, फातिमा गर्ल्स इंटर कॉलेज, डी ए वी इंटर कालेज, रोहन सिंह इंटर कॉलेज सहित अन्य विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के दौरान विद्यार्थियों को -
⚖️भारतीय संविधान के मूल सिद्धांत,
⚖️मौलिक अधिकार एवं कर्तव्य,
⚖️किशोर न्याय अधिनियम 2015,
⚖️पोक्सो अधिनियम 2012,
⚖️घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005,
⚖️सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 तथा
⚖️मोटर वाहन अधिनियम 1988
जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर सरल, व्यावहारिक एवं विद्यार्थियों की समझ के अनुरूप जानकारी प्रदान की गई।
कानूनी ज्ञान को और अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से प्रत्येक विद्यालय में कानूनी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके ज्ञान, जागरूकता एवं सक्रिय भागीदारी के लिए प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया, जिनमे मुख्य रूप से रिया सिंह (रोहन सिंह इंटर कॉलेज), निहारिका सिंह (भगवत प्रसाद एकेडमी), समायरा सिंह (सेंट मैरी स्कूल) आदि विजेता रहे।
पूरे नवंबर माह तक चले इस विधिक जागरूकता अभियान के माध्यम से संत कृपाल सिंह इंस्टिट्यूट ऑफ लॉ का यह सतत प्रयास रहा कि विद्यार्थी अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनें तथा भविष्य में एक जिम्मेदार, जागरूक और कानून-सम्मत नागरिक के रूप में समाज में सकारात्मक भूमिका निभा सकें।